धमतरी।लगातार हो रही बारिश के चलते धमतरी जिले के गंगरेल बांध में पानी का दबाव बढ़ गया है। बांध अब अपनी अधिकतम क्षमता के करीब पहुंच रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है और सावधानी बरतने की अपील की है।
प्रशासन के मुताबिक गंगरेल बांध के जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश जारी रहने के कारण बांध में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों से किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने को कहा गया है।
जल संसाधन विभाग ने बांध क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए हैं। इनका काम लोगों को जोखिम वाले स्थानों पर जाने से रोकना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बांध, नदी और तेज बहाव वाले इलाकों के पास जाने से बचें। बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए नदी या बांध में मछली पकड़ने, खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेने और तेज बहाव में नहाने से भी पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने कहा है कि मौसम और पानी की स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहना चाहिए और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करना चाहिए।





