रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने गुरुवार को 140 हितग्राहियों को संस्थागत अनुदान के तहत करीब 21 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। सहायता राशि का लाभ गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों, मेधावी एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के साथ-साथ रामायण, भजन और जसगीत मंडलियों से जुड़े संस्थानों व समूहों को मिला।

इस अवसर पर सांसद अग्रवाल ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सर्वोच्च धर्म है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंदों के उपचार और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में लोक संस्कृति और भक्ति परंपरा को बढ़ावा देने वाली विभिन्न मंडलियों को भी आर्थिक सहयोग दिया गया। सांसद ने कहा कि रामायण, भजन और जसगीत मंडलियां केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

सहायता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों और मंडली प्रतिनिधियों ने सांसद का आभार जताया। अग्रवाल ने सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए जनसेवा का सिलसिला आगे भी जारी रखने की बात कही।





