रायपुर।प्रदेश के करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ताओं को अगस्त के बिजली बिल में बड़ा झटका लग सकता है। इस बार बिल में FPPA/S शुल्क कुल 13 फीसदी तक जुड़ने की बात सामने आ रही है। इसमें पिछले महीने का बचा हुआ 8 फीसदी शुल्क और इस महीने का नया 5 फीसदी शुल्क शामिल है।
पावर कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, भीषण गर्मी के कारण इस बार प्रदेश में बाहर से ज्यादा बिजली खरीदनी पड़ी। इसका असर अब उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो महीने से कोरबा के 210 मेगावाट क्षमता वाले दो बिजली संयंत्र लगातार बंद रहे। फिलहाल भी 210 मेगावाट का एक संयंत्र बंद है। ऐसे में बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए बाहर से बिजली खरीदनी पड़ रही है।
पावर कंपनी का कहना है कि बाहर से महंगी बिजली खरीदने के कारण FPPA/S शुल्क में बढ़ोतरी की जा रही है। इसका सीधा असर अगस्त के बिजली बिल में दिखाई देगा और उपभोक्ताओं को सामान्य बिल के मुकाबले ज्यादा राशि चुकानी पड़ सकती है।
यानी बिजली की खपत के साथ-साथ अब अतिरिक्त शुल्क भी उपभोक्ताओं की जेब पर असर डालने वाला है।




