12 घंटे सड़क पर बैठे 400 छात्र, मंत्री से बात के बाद खत्म हुआ चक्काजाम

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

दुर्ग के पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में शिक्षकों की कमी से परेशान करीब 400 छात्र-छात्राओं ने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। 9वीं से 12वीं तक के ये छात्र दोपहर से सड़क पर बैठकर शिक्षकों की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांग पूरी होने तक हटने को तैयार नहीं थे। करीब 12 घंटे चले प्रदर्शन के बाद रात लगभग 12 बजे मंत्री से फोन पर बातचीत हुई, जिसके बाद छात्रों ने आंदोलन खत्म किया।

छात्रों के मुताबिक स्कूल में करीब 400 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन पढ़ाने के लिए सिर्फ 3 शिक्षक हैं। उनका कहना है कि स्कूल में कम से कम 17 शिक्षक होने चाहिए। शिक्षकों की कमी का सबसे ज्यादा असर आर्ट्स और कॉमर्स के छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। कई विषयों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पा रही है।

छात्रों ने कहा कि वे सड़क पर बैठकर प्रदर्शन नहीं करना चाहते थे, लेकिन पढ़ाई प्रभावित होने के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उनका कहना था कि पर्याप्त शिक्षक मिलते ही वे वापस स्कूल जाकर पढ़ाई शुरू करना चाहते हैं।

प्रदर्शन के बाद स्कूल में 4 नए शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। इसके बाद अब स्कूल में कुल 7 शिक्षक हो जाएंगे। साथ ही नया प्राचार्य भी भेजा गया है और पुराने प्राचार्य को हटा दिया गया है।

इसके अलावा स्कूल में चल रही ओपन स्कूल की व्यवस्था को अगले सत्र से बंद करने की बात भी कही गई है। छात्रों के लंबे प्रदर्शन के बाद फिलहाल स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment