भिलाई टाइम्स पर फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक! ₹10 हजार की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

दुर्ग/सुपेला।भिलाई के न्यूज मीडिया प्लेटफॉर्म भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज पर फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजकर पैसे मांगने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने स्ट्राइक हटाने के बदले ₹10 हजार की मांग की थी। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया iPhone 16 भी जब्त किया है।

ऐसे सामने आया पूरा मामला

भिलाई टाइम्स न्यूज के संचालक यशवंत साहू ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके करीब 32 हजार फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम पेज पर 25 और 26 जुलाई की दरमियानी रात अचानक कई फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक आने लगीं। इससे पेज बंद या डिलीट होने का खतरा पैदा हो गया था।

इसके बाद जब ई-मेल और WhatsApp के जरिए संपर्क किया गया तो सामने वाले व्यक्ति ने स्ट्राइक हटाने के बदले ₹10 हजार देने की मांग की।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से WhatsApp नंबर, ई-मेल आईडी और IP एड्रेस की तकनीकी जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता चला।

आरोपी की पहचान अनीश कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के अरवल जिले का रहने वाला है और फिलहाल महाराष्ट्र के पुणे में रह रहा था।

19 अगस्त को किया गया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को नोटिस जारी कर थाने में उपस्थित होने के लिए कहा था। इसके बाद 19 अगस्त 2026 को उसके थाने पहुंचने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से iPhone 16 सहित अन्य जरूरी सामग्री जब्त की है।

सोशल मीडिया यूजर्स से पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने सोशल मीडिया क्रिएटर्स और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की कॉपीराइट स्ट्राइक या डिजिटल समस्या आने पर अनजान लोगों को पैसे न दें। ऐसी स्थिति में प्लेटफॉर्म की आधिकारिक रिपोर्टिंग व्यवस्था का इस्तेमाल करें और तुरंत साइबर पुलिस को जानकारी दें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment