नई दिल्ली/रायपुर।रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल मंगलवार को नई दिल्ली में शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी समिति की बैठक में शामिल हुए। बैठक में “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में सुधार और इसका सुदृढ़ीकरण” से जुड़े 382वें संशोधित प्रारूप प्रतिवेदन पर चर्चा की गई और इसे स्वीकार करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली, परीक्षा व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता, जवाबदेही और अभ्यर्थियों के हितों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए अपने भविष्य की उम्मीदें जोड़ते हैं। ऐसे में परीक्षा व्यवस्था का निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद होना बेहद जरूरी है। परीक्षा प्रक्रिया में छोटी सी चूक भी विद्यार्थियों की मेहनत और उनके भविष्य पर असर डाल सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और विद्यार्थियों के हित में बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी तरह NTA को भी समय की जरूरत के अनुसार और अधिक मजबूत और सक्षम बनाया जाना चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि आज के तकनीकी दौर में परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक तकनीक, मजबूत साइबर सुरक्षा, बेहतर परीक्षा प्रबंधन और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। इसके साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं और उनकी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया को आसान और संवेदनशील बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उद्देश्य सिर्फ परीक्षाएं आयोजित करना नहीं, बल्कि ऐसी भरोसेमंद व्यवस्था तैयार करना है जिस पर विद्यार्थी और उनके अभिभावक विश्वास कर सकें। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि उनकी मेहनत का मूल्यांकन पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से होगा।
सांसद ने कहा कि मजबूत और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली देश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाती है। NTA में जरूरी सुधारों के जरिए विद्यार्थियों के भरोसे को मजबूत करना आज की जरूरत है।
बैठक में समिति के अध्यक्ष मुकुल वासनिक सहित समिति के अन्य सदस्य और संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।






