नई दिल्ली। जंतर मंतर पर उमड़ी भारी भीड़ से सरकार घबराई हुई नजर आ रही है। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिर्फ जंतर मंतर के आसपास ही नहीं, बल्कि दूर-दूर तक स्थित कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को आज भी सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई है।

इसी बीच, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर जंतर मंतर और संसद मार्ग पर छात्र प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर अत्यधिक बल प्रयोग किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है, जबकि मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने से हजारों यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।







