महासमुंद। महासमुंद जिले की छात्रा रागनी साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन मिशन शक्ति सैट के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी का चयन देशभर में आयोजित ऑनलाइन स्पेस लर्निंग मॉड्यूल, तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय इंटरव्यू के आधार पर किया गया।
रागनी ने वर्ष 2025 में अपने स्कूल की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने 120 घंटे की ऑनलाइन ट्रेनिंग में 21 मॉड्यूल और स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान, इंजीनियरिंग, नवाचार व नेतृत्व से जुड़े 550 से ज्यादा पाठ पूरे किए। इसके बाद तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय इंटरव्यू में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने देशभर के केवल 20 नेशनल फाइनलिस्ट में अपनी जगह बनाई।
108 देशों के छात्र होंगे शामिल
मिशन शक्ति सैट में 108 देशों के छात्र हिस्सा ले रहे हैं। रागनी 22 से 31 अगस्त 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में होने वाली आठ दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में शामिल होंगी। यहां वे अंतरराष्ट्रीय टीमों के साथ मिलकर सैटेलाइट डिजाइन, पेलोड डेवलपमेंट, स्पेस साइंस, इंजीनियरिंग और नेतृत्व का व्यावहारिक प्रशिक्षण लेंगी। इस दौरान प्रतिभागियों को इसरो, इन-स्पेस, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और अन्य अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से बातचीत करने का भी मौका मिलेगा।
11 अक्टूबर को होगा सैटेलाइट का प्रक्षेपण
मिशन के तहत छात्रों द्वारा तैयार किए गए दो चंद्र उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर श्रीहरिकोटा से प्रस्तावित है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन और जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने रागनी, विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा तथा अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी चंद्रशेखर मिथलेश को बधाई दी। यह उपलब्धि महासमुंद जिले में विज्ञान और अंतरिक्ष शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बेहतर काम की पहचान मानी जा रही है।







