रायपुर।वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वन विभाग के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था का 100 फीसदी पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के मुताबिक विभाग के मुख्यालय, वृत्त, वनमंडल और अन्य सभी कार्यालयों में अब सभी फाइलों और डाक का काम अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस के जरिए ही किया जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी करते हुए व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने पर जोर दिया गया है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि विभाग प्रमुख की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी स्तर पर कोई भी फिजिकल फाइल नहीं चलाई जाएगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस के माध्यम से ही अपने कार्यालयीन कार्य करें, ताकि शासन की डिजिटल कार्यप्रणाली को पूरी तरह लागू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस व्यवस्था लागू होने से फाइलों के निपटारे में तेजी आएगी, फैसले लेने की प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। साथ ही हर स्तर पर काम की ऑनलाइन निगरानी भी आसान होगी। इससे दफ्तरों में होने वाली अनावश्यक देरी खत्म होगी और आम लोगों से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण हो सकेगा।
वन मंत्री कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। ई-ऑफिस व्यवस्था का पूरी तरह लागू होना इसी दिशा में एक अहम कदम है, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पूरी तरह डिजिटल बनेगी। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था के 100 फीसदी पालन की नियमित समीक्षा करें और शासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।





