कोरबा।जिले के दर्री क्षेत्र स्थित हसदेव डैम में मंगलवार सुबह 30 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत डैम में गिरने से हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
मृतका की पहचान नंदनी मेहर (30 वर्ष), पिता नरेश मेहर, निवासी नीलगिरि सिंचाई कॉलोनी, दर्री थाना के पीछे के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक नंदनी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।
मंगलवार सुबह दर्री हसदेव डैम में मछली पकड़ने पहुंचे मछुआरों ने पानी में शव तैरता देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया।
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान नंदनी मेहर के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि नंदनी एक ब्यूटी पार्लर में काम सीखने जाती थी। मंगलवार सुबह जब भी वह घर नहीं लौटी, तब परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें डैम में एक युवती का शव मिलने की जानकारी मिली।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





