सरगुजा में आकाशीय बिजली का कहर: दो बच्चों समेत तीन की मौत

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई, लेकिन इसी बीच धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पेड़ पर बिजली गिरने से दो बच्चों और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई।

घायल बच्ची को तुरंत इलाज के लिए धौरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के मुताबिक, डुमकी गांव में तीन बच्चे पेड़ के नीचे गिरे आम बीन रहे थे। इसी दौरान पास में मवेशी चरा रहा एक युवक भी बारिश से बचने के लिए उसी पेड़ के नीचे आकर खड़ा हो गया।

तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई। इस हादसे में 5 वर्षीय सागर, 9 वर्षीय रानी और 36 वर्षीय राम साय की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं सागर की 12 वर्षीय बड़ी बहन श्रद्धा इस हादसे में झुलस गई। मृतक बच्ची रानी बलरामपुर के डबरा गांव की रहने वाली थी, जो अपने रिश्तेदारों के घर धौरपुर आई हुई थी।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार, सरगुजा संभाग में मानसून आने के करीब एक हफ्ते बाद भी कई इलाकों में सूखा और उमस बनी हुई थी, जिससे लोग परेशान थे।

हालांकि सोमवार को उदयपुर, लखनपुर, लुंड्रा और बतौली समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम बदला और गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हुई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 जून को भी सरगुजा के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने और मानसून के और सक्रिय होने की उम्मीद है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment