रायपुर।राजधानी के हांडीपारा स्थित छत्तीसगढ़ी भवन में अनिल दुबे के नेतृत्व में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए गए। संगठन ने किसानों को समय पर खाद और उन्नत बीज उपलब्ध कराने के लिए पहल करने का निर्णय लिया।
आरोप है कि करणी कृपा प्राइवेट लिमिटेड द्वारा शासकीय भूमि, आदिवासी भूमि, काबिल कास्त भूमि, नेशनल हाईवे की भूमि तथा वन भूमि पर कथित अनियमितताओं के साथ डायवर्सन और निर्माण कार्य किए गए हैं। मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि इन मामलों के समर्थन में दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध हैं और इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
अनिल दुबे ने घोषणा किया कि छत्तीसगढ़ महतारी अस्मिता रथ यात्रा का तीसरा चरण 15 अगस्त से प्रदेश के गांव-गांव में निकाला जाएगा। यात्रा के माध्यम से किसानों, भूमि संरक्षण और स्थानीय अधिकारों से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाया जाएगा।
दुबे ने कहा कि प्रदेश की करीब 55 लाख एकड़ कृषि भूमि बाहरी लोगों द्वारा खरीदी-बेची गई है, जिसे रथ यात्रा के दौरान प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा।

इधर, नेशनल हाईवे की भूमि पर कथित अवैध समानांतर सड़क निर्माण के मामले में जांच तेज हो गई है। अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है, जो संबंधित भूमि की नाप-जोख कर रिपोर्ट तैयार करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



