रायपुर में बिना बारिश भरा पानी, रिंग रोड नंबर-1 पर फटी पाइप लाइन से जलभराव

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर शहर में शनिवार को एक अजीब स्थिति देखने को मिली, जब बिना बारिश के ही रिंग रोड नंबर-1 पर जलभराव की स्थिति बन गई। आमतौर पर बरसात के कारण सड़कों पर पानी जमा होता है, लेकिन इस बार वजह बनी पानी सप्लाई की पाइप लाइन का फटना।

घटना सुबह करीब आधे घंटे पहले की है, जब रिंग रोड नंबर-1 पर एक बड़ी पाइप फट गई। पाइपलाइन से अत्यधिक प्रेशर में पानी बहने लगा, जिससे सड़क के एक हिस्से पर गड्ढों में पानी भर गया और आवाजाही में दिक्कतें आने लगीं। लगातार पानी बहने के कारण सड़क पर कीचड़ भी फैल गया है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने संबंधित विभाग को सूचना दे दी है, लेकिन अब तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया है। हर मिनट हजारों लीटर पीने योग्य पानी व्यर्थ बह रहा है, जो कि जल संरक्षण के नजरिए से भी गंभीर चिंता का विषय है।

यह घटना नगर निगम और जल विभाग की लापरवाही को उजागर करती है, जो समय रहते पाइपलाइन की निगरानी और मरम्मत नहीं करवा सके। लोगों ने जल्द से जल्द मरम्मत कर जल अपव्यय रोकने और सड़क को सुचारु रूप से चालू कराने की मांग की है।

 

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment