एनेस्थीसिया के बाद महिला की मौत, नर्सिंग होम पर लापरवाही का आरोप

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोड़ी नवागांव निवासी 50 वर्षीय कुमारी बाई साहू लंबे समय से बीमार चल रही थीं। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि वहां जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें बच्चेदानी में समस्या बताते हुए ऑपरेशन कराने की सलाह दी और निजी अस्पताल में इलाज करवाने की बात कही।

इसके बाद महिला को रतनपुर स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में ऑपरेशन के लिए उनसे 15 हजार रुपये भी लिए गए। ऑपरेशन से पहले महिला को एनेस्थीसिया दिया गया, जिसके कुछ ही समय बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी।

परिजनों के अनुसार, स्थिति खराब होने पर अस्पताल ने इलाज जारी रखने के बजाय जल्दबाजी में मरीज को सिम्स रेफर कर दिया। आरोप है कि इस दौरान जरूरी रेफरल प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई पूरी नहीं की गई और महिला को निजी वाहन से भेजा गया।

लेकिन सिम्स पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के बेटे मुकेश साहू ने रतनपुर थाने में शिकायत देकर डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों ने यह भी मांग की है कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को सुरक्षित कर जांच की जाए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अस्पताल से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment