उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में बीडीसी सदस्य मदन जायसवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे अवैध संबंध और पारिवारिक विवाद मुख्य वजह थे। पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके देवर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बीडीसी सदस्य मदन जायसवाल का क्षेत्र की एक विवाहित महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। इस संबंध की जानकारी धीरे-धीरे गांव, परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंच गई, जिससे दोनों परिवारों की बदनामी होने लगी। महिला का देवर इस रिश्ते को लेकर बेहद नाराज था और कई बार उसने अपनी भाभी तथा मदन जायसवाल को आपत्तिजनक स्थिति में देखा था।

जांच में पता चला कि देवर ने मदन जायसवाल की हत्या की साजिश पहले से रच रखी थी। एक दिन जब मदन महिला से मिलने पहुंचा, तब आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लालगंज के प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार पाठक ने खुद जांच की कमान संभाली। एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया था। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया।
पुलिस ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद महिला और उसके देवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





