कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के मेडिकल कॉलेज परिसर में बाइक चोरी के आरोप में एक युवक को कथित तौर पर सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे वाहन चालक उत्तम ने दो युवकों को बाइक धक्का देकर ले जाते हुए देखा। शक होने पर उसने तुरंत सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने पीछा कर कोसाबाड़ी चौक के पास एक युवक को पकड़ लिया, जिसकी पहचान विशाल सागर (निवासी पंप हाउस क्षेत्र) के रूप में हुई है।
आरोप है कि पकड़ने के बाद युवक के हाथ बांधकर उसे खंभे से बांधा गया और उसकी पिटाई की गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है, जिससे सुरक्षा कर्मियों के आचरण पर सवाल उठ रहे हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कई चोरियों को कबूल किया है। हालांकि बाइक मालिक द्वारा शिकायत दर्ज कराने में देरी की गई, जिसके कारण औपचारिक कार्रवाई बाद में पूरी हो सकी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और वायरल वीडियो के आधार पर सुरक्षा एजेंसी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।







