महंगाई की मार: घरेलू LPG सिलेंडर फिर 29 रुपये महंगा, तीन महीने में दूसरी बार बढ़ा

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। आम लोगों को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। नई कीमतें 7 जून से लागू हो गई हैं। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाला घरेलू सिलेंडर अब 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये का हो गया है।

यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार है जब घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता के कारण कच्चे तेल और गैस की कीमतें बढ़ रही हैं। इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है।

जानकारी के अनुसार, मार्च में हुई बढ़ोतरी के बाद भी तेल कंपनियों को घरेलू LPG सिलेंडर की बिक्री पर नुकसान हो रहा था। इसी वजह से अब फिर से दाम बढ़ाने पड़े हैं।

पेट्रोल डीजल भी महंगे

LPG के साथ-साथ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई के मध्य से अब तक पेट्रोल और डीजल करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर तक महंगे हो चुके हैं।

वहीं CNG की कीमतों में भी लगभग 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

जनता पर बढ़ा बोझ

तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का पूरा असर अभी तक ग्राहकों तक नहीं पहुंचाया गया है, इसलिए उन्हें अब भी नुकसान हो रहा है।

दूसरी तरफ, लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। खासकर मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए रसोई का खर्च और ज्यादा बढ़ गया है।

महंगाई, पेट्रोल-डीजल और खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों के बीच LPG के दाम बढ़ने से आम जनता की मुश्किलें और बढ़ने की संभावना है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment