एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद जाखड़ पर भाजपा का हमला

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति स्वयं परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाने जैसे गंभीर मामले में नामजद रहा है, वह आज छत्तीसगढ़ आकर पेपर लीक के मुद्दे पर नैतिकता और पारदर्शिता की बात कर रहा है।

शुक्रवार को रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में डॉ. मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2015 में राजस्थान विश्वविद्यालय के अंतर्गत राजस्थान कॉलेज की पीजी प्रवेश परीक्षा के दौरान विनोद जाखड़ के स्थान पर एक अन्य व्यक्ति को परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। उन्होंने दावा किया कि फ्लाइंग स्क्वॉड और वीक्षकों ने एडमिट कार्ड की फोटो और परीक्षा दे रहे व्यक्ति के चेहरे में अंतर पाए जाने पर फर्जी परीक्षार्थी को पकड़ लिया था।

डॉ. मिश्रा के अनुसार, इस मामले में तत्कालीन छात्र नेता विनोद जाखड़ के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी और पुलिस ने उनकी तलाश भी की थी। भाजपा ने आरोप लगाया कि ऐसे व्यक्ति का छात्रों के हितों की बात करना राजनीतिक पाखंड है।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान कई परीक्षा और भर्ती घोटाले सामने आए थे, जिनकी जांच में कई अधिकारी और नेता कार्रवाई के दायरे में आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके छात्र संगठन युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के कथित दोहरे चरित्र को समझती है और ऐसे आरोपों व आंदोलनों से भ्रमित होने वाली नहीं है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment