बालोद। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देशन और बालोद क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा की लगातार सक्रियता का असर पलारी नगर पंचायत चुनाव में देखने को मिला है। बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर बड़ी जीत दर्ज की है।
कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार ने भाजपा प्रत्याशी लखनलाल गुरुपंच को हराकर अध्यक्ष पद हासिल किया।
यह जीत भूपेश बघेल के मार्गदर्शन, विधायक संगीता सिन्हा की लगातार मेहनत और जमीनी स्तर पर किए गए संगठनात्मक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
पलारी नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुई मतगणना के तीसरे एवं अंतिम चरण में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश कुमार को 566 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी लखनलाल गुरुपंच को 491 मत मिले। इसके साथ ही कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर ली।

राजनीतिक खेमे में चर्चा है कि भाजपा में प्रभारी मंत्री, पार्टी संगठन और प्रदेश सरकार ने चुनाव में पूरी ताकत झोंकी थी। इसके अलावा प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों तथा धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के लगातार दौरों के बावजूद भाजपा जनता का विश्वास हासिल करने में नाकाम रही।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा ने बड़े भरोसे के साथ पलारी में जीत का दावा किया था, लेकिन चुनाव परिणाम ने तस्वीर बदल दी। प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन जनता का विश्वास नहीं जीत सकी जबकि कांग्रेस में भूपेश बघेल, विधायक संगीता सिन्हा और कार्यकर्ताओं के एकजुट और मेहनत ने उन्हें जीत दिलाई है।
पलारी की जनता ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक संगीता सिन्हा के नेतृत्व पर पूरा भरोसा जताया है। यही कारण है कि मतदाताओं ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर पार्टी को जीत दिलाई।





