मौसम ने बदला मिजाज: 21 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 21 जिलों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार भी जताए गए हैं।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, वातावरण में नमी बढ़ने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। राजधानी रायपुर सहित मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है उनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

तापमान की बात करें तो राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। रायपुर में तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिल सकती है।

पिछले 24 घंटे में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। दंतेवाड़ा के कुआकोंडा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मैनपाट, कटघोरा, सूरजपुर, कांसाबेल और अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश देखने को मिली।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment