रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच पड़ रही तेज गर्मी और लू से लोगों को अभी एक दिन और परेशान होना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक प्रदेश के तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में लू चलने की संभावना बनी हुई है।
बुधवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में भी पारा 43.6 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर में तेज हवा और हल्की बारिश जरूर हुई, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल पाई।
मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को रायपुर समेत कई इलाकों में लू का असर बना रहेगा और तापमान 45 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि 29 मई से मौसम में बदलाव शुरू होने के संकेत हैं। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में आगे बढ़ा मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी केरल नहीं पहुंच पाया है, लेकिन अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच जाएगा, हालांकि विभाग ने यह भी कहा था कि मानसून के आने में चार दिन आगे या पीछे हो सकते हैं।
40 से 50 किमी की रफ्तार से चल सकता है अंधड़
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 29 मई से प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदल सकता है। हवाओं में नमी बढ़ने के कारण कई इलाकों में मेघ गर्जना, तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
माना जा रहा है कि आंधी और बारिश के इस दौर के बाद लोगों को झुलसाने वाली गर्मी और नौतपा की तपिश से काफी राहत मिलेगी।






