पेट्रोल–डीजल कीमतों को लेकर कमलनाथ का केंद्र पर निशाना, कहा— जनता की जेब पर डाका

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

भोपाल: मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक ने डीज़ल, पेट्रोल और CNG की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात का बहाना बनाकर आम जनता की जेब पर लगातार बोझ डाला जा रहा है।

कमलनाथ ने कहा कि सरकारी आंकड़े खुद बताते हैं कि सरकार पेट्रोल और डीज़ल पर प्रति लीटर करीब 30 रुपए तक टैक्स वसूल रही है। वहीं पेट्रोलियम कंपनियों के आंकड़ों से यह भी साफ है कि कंपनियों ने पिछले कुछ वर्षों में ही नहीं, बल्कि इस साल भी लाखों करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया है।

उन्होंने दावा किया कि पिछली तिमाही में पेट्रोलियम कंपनियों का मुनाफा 28 से 78 प्रतिशत तक बढ़ा है। कमलनाथ ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब सरकार जनता को राहत दे सकती थी, लेकिन उस समय कीमतें कम करने के बजाय कंपनियों ने भारी मुनाफा कमाया।

अब जब कच्चे तेल की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, तो उसका पूरा असर सीधे जनता पर डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपने टैक्स में कुछ कमी करे और पेट्रोलियम कंपनियां अपने मुनाफे का थोड़ा हिस्सा छोड़ें, तो आम लोगों को राहत मिल सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment