छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल का रेट 109 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है। नए रेट के मुताबिक बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा कीमत दर्ज की गई है, जबकि रायपुर और कोरबा जैसे शहरों में बाकी जिलों की तुलना में थोड़ी राहत देखने को मिली है।
प्रदेशभर में पेट्रोल के दाम करीब ₹2.60 प्रति लीटर तक बढ़ गए हैं। बढ़ोतरी के बाद राजधानी रायपुर में पेट्रोल अब ₹107.96 प्रति लीटर बिक रहा है।
नारायणपुर में सबसे महंगा पेट्रोल
ताजा कीमतों के अनुसार नारायणपुर में पेट्रोल ₹109.65 प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं जगदलपुर में ₹109.64, दंतेवाड़ा में ₹109.60 और बीजापुर में ₹109.59 प्रति लीटर की दर से पेट्रोल बेचा जा रहा है।
सरगुजा संभाग के जिलों में भी पेट्रोल के दाम लगातार ऊंचे बने हुए हैं। जशपुर में पेट्रोल ₹109.52, सूरजपुर में ₹109.39 और अंबिकापुर में ₹109.09 प्रति लीटर दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि मई महीने में यह चौथी बार है जब फ्यूल के दाम बढ़ाए गए हैं।
रायपुर में 108 रुपए से नीचे, फिर भी लोगों पर बोझ
राजधानी रायपुर में पेट्रोल की कीमत 108 रुपए से थोड़ी कम जरूर है, लेकिन लगातार बढ़ते दामों ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
दुर्ग में पेट्रोल ₹108.29, धमतरी में ₹108.45, महासमुंद में ₹108.64 और बिलासपुर में ₹108.65 प्रति लीटर तक पहुंच गया है।
कोरबा में सबसे कम रेट
प्रदेश में सबसे कम पेट्रोल कीमत कोरबा में दर्ज की गई है, जहां पेट्रोल ₹107.63 प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा जांजगीर में ₹108.21 और कवर्धा व रायगढ़ में ₹108.86 प्रति लीटर की दर सामने आई है।
दूर-दराज इलाकों में ज्यादा कीमत क्यों?
जानकारों का कहना है कि बस्तर और सरगुजा के दूरस्थ जिलों में ट्रांसपोर्ट खर्च ज्यादा होने की वजह से पेट्रोल की कीमत भी अधिक रहती है। वहीं बड़े शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों में सप्लाई बेहतर होने के कारण दाम में थोड़ा फर्क देखने को मिलता है।
आम लोगों और ट्रांसपोर्ट कारोबार पर असर
लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों का कहना है कि डीजल-पेट्रोल महंगा होने से माल ढुलाई और यात्री किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं रोजाना वाहन इस्तेमाल करने वाले लोग बढ़ते खर्च से परेशान हैं।
ब्लैक मार्केटिंग रोकने प्रशासन अलर्ट
ईंधन की बढ़ती कीमतों और संभावित कालाबाजारी को देखते हुए प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ा दी है। रायपुर कलेक्टर की ओर से पेट्रोल-डीजल की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
अगर कहीं ज्यादा कीमत वसूली या अवैध बिक्री की शिकायत हो तो लोग 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 नंबर पर जानकारी दे सकते हैं।






