कश्मीर की खूबसूरती को प्लास्टिक कचरे से बचाना हम सबकी जिम्मेदारी: सांसद बृजमोहन

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रसायन एवं उर्वरक संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे के तहत आज जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में समिति के सदस्य और रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए।

बैठक में कश्मीर की प्राकृतिक खूबसूरती को प्लास्टिक प्रदूषण से बचाने और इसे प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कश्मीर देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की पहचान है। हर साल यहां लाखों देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं, जिससे प्लास्टिक कचरा तेजी से बढ़ रहा है। अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो यह यहां के पर्यावरण, वादियों, ग्लेशियरों और जल स्रोतों को नुकसान पहुंचा सकता है।

बैठक में जम्मू-कश्मीर सरकार के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल्स विभाग (DCPC) और केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET) के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भी हिस्सा लिया। चर्चा का मुख्य मुद्दा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट सेंटर बनाना और प्लास्टिक के उपयोग को कम करना रहा।

सांसद ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि विकास और पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण का संतुलन भी बना रहे। इसके लिए जम्मू-कश्मीर में आधुनिक प्लास्टिक कचरा प्रबंधन केंद्र बनाए जा रहे हैं, जहां कचरे का सही तरीके से रिसाइक्लिंग हो सके।

उन्होंने लोगों से अपील की कि सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करें और इसके विकल्पों को अपनाएं।

बैठक में कई सांसद और अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें कार्यकारी अध्यक्ष मलविंदर सिंह कांग, सांसद संबित पात्रा, कृति देवी देबबर्मन, सुभाष बराला, भरतसिंहजी डाभी, राजेश रंजन, प्रवीण पटेल, उत्कर्ष वर्मा, अखिलेश प्रसाद सिंह और अरुण सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment