मध्यप्रदेश में OBC आरक्षण का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में OBC वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण से वंचित रखने के पीछे भाजपा की “बदनीयत और षड्यंत्र” जिम्मेदार है।
कमलनाथ ने याद दिलाया कि साल 2019 में उनकी सरकार ने OBC वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला लिया था, जिसे उन्होंने सामाजिक न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उनका कहना है कि यह अधिकार संविधान के अनुरूप था, लेकिन बाद में भाजपा सरकारों ने कानूनी प्रक्रियाओं को उलझाकर इस व्यवस्था को कमजोर कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में जब-जब अदालतों चाहे हाईकोर्ट हो या सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई तेज़ होने की संभावना बनी, तब सरकार की ओर से या तो तारीखें ली गईं या फिर पर्याप्त तैयारी के साथ पक्ष नहीं रखा गया।
कमलनाथ ने यह भी कहा कि अब जब हाईकोर्ट इस मामले में नियमित सुनवाई की दिशा में आगे बढ़ रहा है, तब उन्हें आशंका है कि भाजपा फिर से प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर सकती है।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि वह पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ OBC वर्ग के हित में 27 प्रतिशत आरक्षण को लागू कराने के लिए प्रयास करे। साथ ही, अदालत में रोज़ होने वाली सुनवाई में मजबूती से पक्ष रखने की भी अपील की।







