छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रांवाभाटा इलाके में घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध तरीके से ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर खमतराई थाना पुलिस ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 16 भरे हुए LPG गैस सिलेंडर बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपी संजय साव इन सिलेंडरों को बाजार से ज्यादा कीमत पर बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार करने वालों में डर का माहौल देखा जा रहा है।



