दुर्ग में 2018 से 2025 तक एक नाबालिग लड़की के साथ लगातार दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायत में आरोपियों में PWD का रिटायर्ड कर्मचारी, कारोबारी और भाजपा सांसद विजय बघेल के पूर्व PA का नाम शामिल है।
पीड़िता का आरोप है कि शुरुआत मां को झाड़ू-पोछा की नौकरी दिलाने के बहाने हुई, लेकिन सात साल तक बेटी की इज्जत को गिरवी रखा गया। सरकारी दफ्तर, होटल, रेस्ट हाउस और रसूखदारों के घर – हर जगह कथित रूप से इंसानियत की हत्या हुई। शादी तोड़वाने के दौरान शरीर पर दांतों से काटने के निशान भी बने। वीडियो और धमकियों के कारण पीड़िता लंबे समय तक खामोश रही।
मुख्य आरोपियों में हैं: गोविंद सिंह ठाकुर (62) – पीडब्ल्यूडी का रिटायर्ड कर्मचारी, जिन्होंने मां की नौकरी लगवाई और नाबालिग को अन्य आरोपियों से मिलवाया; राजू कश्यप – पीडब्ल्यूडी टाइम कीपर, जिसने अप्रैल 2018 में क्वार्टर में रेप किया; बीएन पांडेय – सांसद के पूर्व PA, जिन्होंने सरकारी दफ्तरों में प्रभाव जमाया और व्हाट्सएप पर न्यूड वीडियो मंगवाए; संजय पंडित – पीडब्ल्यूडी ठेकेदार, जिसने नौकरी हटवाने का डर दिखाकर रेप किया; अनिल चौधरी (60) – कारोबारी, 2024 में अन्य आरोपियों के साथ मिलकर गैंगरेप; और विजय अग्रवाल (37) – अक्टूबर 2025 में होटल बुलाकर पीछा छोड़ने का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
महिला थाना ने POCSO एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।







