निर्मला सीतारमण आज पेश कर रहीं 9वां बजट, रविवार को खुला शेयर बाजार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली।आज 1 फरवरी 2026 का दिन देश के आर्थिक और राजनीतिक इतिहास में खास दर्ज होने जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज मोदी सरकार का 15वां और अपने कार्यकाल का लगातार 9वां आम बजट संसद में पेश कर रही हैं। यह पहला मौका है जब बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसे लेकर संसद से लेकर बाजार तक खास हलचल देखने को मिल रही है।

बजट सत्र की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हो चुकी है, लेकिन इससे पहले ही संसद भवन में कैबिनेट की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। बैठक में बजट प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी दी गई।

इस बजट को इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE), बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) जैसे प्रमुख शेयर बाजार रविवार के दिन भी खुले हैं। निवेशक और कारोबारी बजट से जुड़ी हर घोषणा पर पल-पल नजर बनाए हुए हैं।

देश के करोड़ों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या सरकार 8वें वेतन आयोग की घोषणा करेगी। वहीं मिडिल क्लास को इनकम टैक्स स्लैब में राहत की उम्मीद है। इसके साथ ही आम जनता इस सवाल का जवाब तलाश रही है कि क्या यह बजट महंगाई से राहत देगा या जेब पर और बोझ डालेगा।

अब कुछ ही देर में साफ हो जाएगा कि सरकार का यह बजट विकास, राहत और भरोसे का दस्तावेज बनता है या फिर आम आदमी की उम्मीदों पर पानी फेर देता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment