रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू, IPS अफसरों के बड़े तबादले तय

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने का निर्णय ले लिया है। राजपत्र में अधिसूचना जारी होते ही अब आईपीएस अधिकारियों की नई पोस्टिंग और तबादलों की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो यह सूची लंबी हो सकती है, क्योंकि पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति से कई जिलों के आईजी और एसपी स्तर के अधिकारी प्रभावित होने की संभावना है।

पुलिस कमिश्नर पद के लिए दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि, इस पर अभी अंतिम मुहर नहीं लगी है। वहीं, वर्तमान रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा को भी एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मिश्रा को एक तेज-तर्रार और प्रभावी पुलिसिंग अफसर के रूप में जाना जाता है और उनकी कार्यशैली की सरकार स्तर पर भी सराहना हो चुकी है। यदि किसी एक को कमिश्नर बनाया जाता है, तो दुर्ग रेंज के आईजी का बदलना लगभग तय माना जा रहा है।

सूत्र बताते हैं कि इस फेरबदल में एक-दो अन्य आईजी भी प्रभावित हो सकते हैं। जिस रेंज के आईजी को पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, वहां नए आईजी की नियुक्ति की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति के बाद सबसे ज्यादा चर्चा रायपुर ग्रामीण एसपी की पोस्टिंग को लेकर है। माना जा रहा है कि इस पद पर प्रमोटिव आईपीएस अधिकारी को जिम्मेदारी दी जा सकती है, जो डीआईजी स्तर का होगा।

वहीं, रायपुर पुलिस जोन में आईजी का पद बरकरार रहेगा। वर्तमान आईजी अमरेश मिश्रा को ही रायपुर जोन का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने की संभावना है। रायपुर ग्रामीण रेंज के अंतर्गत रायपुर ग्रामीण, बलौदाबाजार, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद जिले शामिल रहेंगे। इस तरह, अमरेश मिश्रा के प्रभार में ये पांचों जिले यथावत बने रह सकते हैं।

कुल मिलाकर, रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव तय माना जा रहा है, जिसकी आधिकारिक घोषणा जल्द हो सकती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment