मंत्री के ट्वीट से मचा हड़कंप, वन विभाग ने तेंदुए का वीडियो बताया फर्जी

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर/बस्तर।छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया गया एक वीडियो अब विवादों में घिर गया है। मंत्री ने पोस्ट में इसे “बारसूर मार्ग में तेंदुए का शानदार दृश्य” बताया था, लेकिन वीडियो के सामने आते ही इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

वीडियो के वायरल होते ही वन विभाग हरकत में आया और पूरे मामले की जांच कराई गई। जांच के बाद विभागीय अधिकारियों और मुख्य वन संरक्षक (CCF) ने इस फुटेज को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी करार दे दिया। विभाग का स्पष्ट कहना है कि यह वीडियो न तो बस्तर क्षेत्र का है और न ही बारसूर मार्ग पर हाल के दिनों में तेंदुए की कोई गतिविधि दर्ज की गई है।

वन विभाग के अनुसार, इस तरह के वीडियो अक्सर किसी अन्य स्थान के होते हैं, जिन्हें स्थानीय नाम जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाता है। अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि यह वीडियो बारसूर क्षेत्र से संबंधित नहीं है।

इस पूरे मामले में वन विभाग के अधिकारी आलोक तिवारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर पुरानी या बाहरी फुटेज फैलाकर आम लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं। विभाग अब ऐसे लोगों की पहचान में जुट गया है, जो वन्यजीवों से जुड़ी झूठी जानकारियां सोशल मीडिया पर फैला रहे हैं।

वन विभाग ने चेतावनी दी है कि वन्यजीवों को लेकर गलत या भ्रामक जानकारी साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना सत्यापन किसी भी वीडियो या पोस्ट पर भरोसा न करें।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब वन विभाग खुद इस वीडियो को फर्जी बता रहा है, तो क्या विभाग अपने ही मंत्री के पोस्ट पर भी कार्रवाई करेगा? गौर करने वाली बात यह है कि वन मंत्री केदार कश्यप के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर यह पोस्ट अब भी मौजूद है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार और विभाग इस मामले में आगे क्या कदम उठाते हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment