बजट पहली बार रविवार को, निर्मला सीतारमण पेश करेंगी लगातार नौवां आम बजट

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। देश का केंद्रीय आम बजट 2026-27 इस बार एक नए इतिहास के साथ पेश होने जा रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जानकारी दी है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार, 1 फरवरी को संसद में आम बजट पेश करेंगी। यह पहला मौका होगा जब देश का बजट रविवार के दिन सदन में रखा जाएगा।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के लिए यह बजट बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। इसके साथ ही वह पूर्व वित्त मंत्री मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच जाएंगी। मोरारजी देसाई ने अपने कार्यकाल में कुल 10 बजट पेश किए थे और सीतारमण अब इस ऐतिहासिक उपलब्धि से केवल एक कदम दूर हैं।

28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी से आरंभ होगा और 2 अप्रैल तक चलेगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। राष्ट्रपति लोकसभा कक्ष में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री द्वारा संसद के दोनों सदनों में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किए जाने की संभावना है, जिसमें देश की आर्थिक स्थिति और विकास दर का खाका सामने रखा जाएगा।

दो चरणों में चलेगा सत्र

सरकार ने बजट सत्र को दो हिस्सों में विभाजित किया है—

  • पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी तक
  • अवकाश: 13 फरवरी से 9 मार्च तक
    (इस दौरान संसदीय समितियां बजट प्रस्तावों की समीक्षा करेंगी)
  • दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल तक

सरकार ने 1 फरवरी को औपचारिक रूप से ‘बजट दिवस’ घोषित किया है। रविवार को बजट पेश होने और निर्मला सीतारमण के रिकॉर्ड के करीब पहुंचने से बजट सत्र 2026-27 राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। अब देश की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार आने वाले वित्त वर्ष के लिए कौन-सा आर्थिक रोडमैप पेश करती है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment