छत्तीसगढ़ सरकार ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव की निजी स्थापना (पर्सनल स्टाफ) में अहम प्रशासनिक बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने आदेश जारी कर उपमुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (OSD) विपुल कुमार गुप्ता को उनके पद से हटा दिया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके मूल विभाग/कार्यालय में वापस भेज दिया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, कबीरधाम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अजय कुमार त्रिपाठी को उपमुख्यमंत्री अरुण साव का नया OSD नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भी तत्काल प्रभाव से लागू मानी जा रही है।
विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई कुछ विवादों के चलते की गई है, हालांकि सरकार की ओर से इसकी आधिकारिक वजह स्पष्ट नहीं की गई है। मामले की पुष्टि के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रेस सलाहकार वीरेंद्र दुबे से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन का जवाब नहीं दिया।
राज्य की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इस बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
GAD ने जारी किया आधिकारिक आदेश




