कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने मानव सेवा की मिसाल पेश की। इस अवसर पर उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल, दूध और बिस्कुट का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान दिलीप सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना का मूल उद्देश्य देश और समाज की निःस्वार्थ सेवा करना रहा है। इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर पार्टी का स्थापना दिवस केवल उत्सव तक सीमित न रहकर जनकल्याण के कार्यों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना ही कांग्रेस की सच्ची विचारधारा है।

उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल में उपचाररत मरीजों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन का उद्देश्य है। कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन के सुख-दुख में सहभागी रही है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करती रहेगी।

इस सेवा कार्यक्रम में दिलीप सिंह चौहान के साथ बाकर अब्बास, रोहित जैन, नवीन लाजरस, धर्म साहू, शेख शकील, जावेद खान सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।



