रायपुर के मोवा इलाके में बने ओवरब्रिज पर आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज गति से आ रही दो कारें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में तीन लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत अभी स्थिर है
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक सॉनेट और एक क्रेटा कार तेज रफ्तार में ओवरब्रिज से गुजर रही थीं। जैसे ही ब्रिज का मोड़ आया, अचानक दोनों गाड़ियां एक-दूसरे के सामने आ गईं और टक्कर हो गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए ब्रिज पर ट्रैफिक भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पंडरी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को साफ कराया।
पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार ही हादसे की बड़ी वजह दिखाई दे रही है। आगे दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और जरूरत के अनुसार कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है और कारों को क्रेन की मदद से हटाया गया है।







