जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, नेताओं की तस्वीरें उठाकर उठाए सवाल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की लगातार खराब हो रही सड़कों को लेकर कांग्रेस ने आज बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता मोपका से धान मंडी तक की सड़क पर इकट्ठा हुए और करीब दो घंटे तक मार्च निकालकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और स्थानीय विधायक की तस्वीरें उठाकर पूछा कि शहर की जर्जर सड़कों के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ रुपए की घोषणाएँ तो की जा रही हैं, परंतु जनता की रोजमर्रा की जरूरतें—जैसे पानी, बिजली और सड़क—आज भी उपेक्षित हैं। उन्होंने कहा कि शहर में मुख्य सड़कों से लेकर कॉलोनियों और ग्रामीण वार्डों तक ज्यादातर सड़कें खराब हालत में हैं, लेकिन उनकी मरम्मत तक नहीं हो पा रही।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अरपा नदी किनारे सुनसान जगह पर 100 करोड़ की सड़क बनाई जा रही है, जबकि शहर की उपयोगी सड़कों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। यह निर्माण किन लोगों के लाभ के लिए किया जा रहा है, इसकी भी उन्होंने जांच की मांग की।

कांग्रेस ने घोषणा की कि यह आंदोलन सिर्फ एक जगह नहीं रुकेगा, बल्कि नगर निगम के सभी 70 वार्डों में फैलाया जाएगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़क सुधार नहीं हुआ और जनता की समस्याएँ हल नहीं की गईं, तो वे कलेक्टर से लेकर मंत्री और विधायकों तक का घेराव करेंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment