इंदौर की वंदना ठाकुर ने रचा इतिहास: विश्व बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में भारत को दिलाया गोल्ड

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

इंदौर इंदौर की महिला बॉडी बिल्डर वंदना ठाकुर ने इंडोनेशिया में आयोजित 16वीं वर्ल्ड बॉडी बिल्डिंग और फिजिक स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में देश का परचम बेहद गर्व के साथ लहराया। भारत की इकलौती महिला खिलाड़ी के रूप में इस मंच पर उतरने वाली वंदना ने 55+ कैटेगरी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया और देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।

इस प्रतियोगिता में दुनिया भर से शीर्ष बॉडी बिल्डर्स शामिल हुए थे, ऐसे में वंदना का यह प्रदर्शन न सिर्फ उल्लेखनीय रहा, बल्कि भारतीय महिला बॉडी बिल्डिंग के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ गया।

जीत के बाद वंदना बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि मंच पर कदम रखते समय उनके दिमाग में सिर्फ एक ही बात थी—तिरंगे के लिए जीतना। लंबे समय तक चली कठिन ट्रेनिंग, सुबह जल्दी उठकर घंटों का अभ्यास, चोटों से जूझते हुए भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ना… इन सबने मिलकर उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। उनका कहना है कि देश के लिए गोल्ड लाना उनका लक्ष्य था और इस सपने को पूरा करने के लिए वे हर चुनौती से लड़ने को तैयार थीं।

वंदना ने अपनी कोच गीतांजलि विश्वकर्मा और टीम के सदस्यों को इस सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत के बाद यह सपना साकार हुआ है। इससे पहले वे 2024 की एशियन चैंपियनशिप में भारत के लिए सिल्वर जीत चुकी हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बार गोल्ड अपने नाम कर चुकी हैं। वंदना इंदौर स्वच्छता अभियान की ब्रांड एम्बेसडर भी हैं।

उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ इंदौर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि पहली बार किसी भारतीय महिला बॉडी बिल्डर ने इस कैटेगरी में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment