केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। धमतरी में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी करने के लिए वे कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे कार्यक्रम में एक बड़ी सभा को संबोधित भी करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
देश भर के किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जारी करेंगे। धमतरी के एकलव्य परिसर में इसका सीधा प्रसारण होगा, जहां छत्तीसगढ़ के सभी किसान बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
दो मंत्रियों की देखरेख में पूरी तैयारी
मध्यप्रदेश पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के आगमन की पूरी तैयारियां वन मंत्री केदार कश्यप और मंत्री टंकराम वर्मा के नेतृत्व में की गई है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में है। केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखकर अफसरों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा की भी पूरी तैयारी
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से भी लगातार बैठकें की जा रही हैं। महापौर रामु रोहरा ने बताया कि यह जिले के लिए गर्व का विषय होगा। केंद्रीय कृषि मंत्री के आगमन से धमतरी को कुछ नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।



