रायपुर (लिशा ताम्रकार)। डाक विभाग अब तेजी से डिजिटल बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ये बातें डाक सेवाएँ- छत्तीसगढ़ परिमंडल के निदेशक दिनेश कुमार मिस्त्री ने विश्व डाक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अत्याधुनिक और तेज डाक सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए डाक सेवाएँ- छत्तीसगढ़ परिमंडल के निदेशक दिनेश कुमार मिस्त्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ परिमंडल में राष्ट्रीय डाक सप्ताह (9 से 15 अक्टूबर तक) का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ में डाक सेवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत IT 2.0 (एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी) को लागू किया गया है, जिससे सेवाओं की गति और गुणवत्ता में बड़ा सुधार आया है। ग्रामीण क्षेत्रों में नए डाकघर स्थापित किए जा रहे हैं, सर्वर क्षमता भी बढ़ाई जा रही है और पार्सल के साथ-साथ डाक सामग्री के वितरण को और तेज बनाया गया है।

राष्ट्रीय डाक सप्ताह के अंतर्गत किए गए कार्य
राष्ट्रीय डाक सप्ताह का आयोजन प्रदेश स्तर पर 9 से 15 अक्टूबर तक किया गया, जिसमें लोगों को डाक विभाग से जुड़ी सुविधाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
- इंडिया पोस्ट और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएँ जैसे डाक जीवन बीमा (PLI) और दुर्घटना बीमा (Accidental Insurance) के बारे में जानकारी दी गई।
- टेक्नोलॉजी दिवस पर डाक विभाग में प्रयुक्त आधुनिक तकनीकों पर क्विज प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
- वित्तीय समावेशन दिवस पर नागरिकों को डाक जीवन बीमा (PLI) और ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया।
- फिलाटेली एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस के अंतर्गत स्कूलों में पत्र लेखन प्रतियोगिता और आधार नामांकन शिविर (आधार कैंप) आयोजित किए गए।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (व्यवसाय विकास) एन. के. राजपाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। प्रेस वार्ता में प्रवर अधीक्षक, रायपुर डाकघर एच. के. महावर, सहायक निदेशक (कर्मचारी) सौरभ असाटी, और सहायक निदेशक (डाक) आलोक गोमस्ता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक (व्यवसाय विकास) शिवम तिवारी ने किया।



