आजकल की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी और लगातार तनाव की वजह से नींद की समस्या आम हो गई है। पूरी नींद न लेने से शरीर थका हुआ महसूस करता है और चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है। ऐसे में योगासन और प्राणायाम एक प्राकृतिक उपाय है, जो नींद की गुणवत्ता को बेहतर बनाकर शरीर और मन को शांत करता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आप रोज रात को सोने से पहले सिर्फ 15-20 मिनट कुछ आसान योगासन और प्राणायाम करें, तो आपको चैन और गहरी नींद मिलेगी। यह न केवल नींद को बेहतर बनाएगा बल्कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी मजबूत करेगा।
शवासन
यह सबसे आसान और असरदार आसन है। ज़मीन पर सीधे लेटकर आंखें बंद करें और गहरी सांस लें। इससे शरीर और दिमाग दोनों रिलैक्स होते हैं। शवासन सिरदर्द, थकान और अनिद्रा को कम करने में मदद करता है। साथ ही यह रक्तचाप को नियंत्रित करने और मानसिक शांति देने में सहायक है।
बालासन
तनाव और थकान दूर करने का यह सबसे अच्छा योगासन है। वज्रासन की स्थिति में बैठकर माथे को ज़मीन पर लगाएं और हाथों को आगे फैलाएं। यह आसन दिमाग को शांत करता है, नसों का तनाव घटाता है और जल्दी नींद लाने में सहायक है।
पश्चिमोत्तानासन
सीधे बैठकर दोनों पैरों को फैलाएं और हाथों को आगे बढ़ाते हुए पैरों की उंगलियां पकड़ें। सिर को घुटनों से मिलाने की कोशिश करें। यह आसन दिमाग को शांत करता है और दिनभर की थकान दूर करके नींद को गहरा बनाता है।
भ्रामरी प्राणायाम
इस प्राणायाम में मधुमक्खी जैसी गूंजती ध्वनि की जाती है, जो मन को तुरंत शांत करती है। आंखें बंद करके बैठें, तर्जनी उंगलियों को कानों पर रखें और गहरी सांस लेते हुए “ऊँ” की ध्वनि करें। इसे 5-7 बार दोहराने से तनाव घटता है और नींद जल्दी आती है।



