छत्तीसगढ़: पोर्टा केबिन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, 24 अधीक्षक पद से हटाए गए, एपीओ निलंबित

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बीजापुर। जिले के आरएमएसए पोर्टा केबिन में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 26 में से 24 अधीक्षकों को उनके पद से हटा दिया है। वहीं, बिना बिल के लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की खरीदी को लेकर एक एपीओ पुरुषोत्तम चंद्रकार पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं। अब एक अन्य कर्मचारी पर भी कार्रवाई की तैयारी है।

बिना बिल खरीदी से फंसे अधीक्षक

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एपीओ और एक अन्य कर्मचारी के कहने पर अधीक्षकों ने बिना बिल के सामान खरीदी का भुगतान कर दिया। अधीक्षकों का कहना है कि यह प्रक्रिया पहले से चली आ रही थी और उन्हें ऐसा करने के लिए कहा गया था। हालांकि प्रशासन ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर FIR दर्ज कराई है।

भोपालपटनम ब्लॉक में सबसे ज्यादा कार्रवाई

इस घोटाले में सबसे ज्यादा कार्रवाई भोपालपटनम ब्लॉक में हुई, जहां 11 अधीक्षकों को पद से हटाया गया है। वहीं, अन्य ब्लॉकों में भी अधीक्षकों को बदलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

कलेक्टर संबित मिश्रा ने अधीक्षकों की सफाई सुनने के बाद भी सख्त कदम उठाया। उन्होंने साफ कहा कि भुगतान में गलती हुई है और इसके लिए अधीक्षकों को जिम्मेदारी लेनी होगी। इसी आधार पर जिले के 26 पोर्टा केबिन में से 24 अधीक्षकों को उनके पद से हटाकर नए लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधीक्षकों का दावा, कोई निजी स्वार्थ नहीं

हालांकि, अधीक्षकों ने अपनी सफाई में कहा कि उनका कोई व्यक्तिगत स्वार्थ इसमें नहीं था। वे केवल उच्च अधिकारियों के निर्देश पर भुगतान कर रहे थे। बावजूद इसके प्रशासन ने उन्हें दोषी मानते हुए पद से हटाने की कार्रवाई कर दी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment