आमिर खान ने तीन साल के लंबे अंतराल के बाद फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ से बड़े पर्दे पर शानदार वापसी की है। यह फिल्म ना केवल दर्शकों के दिल को छू रही है बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। लगातार मिल रही सराहना से आमिर बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने सभी दर्शकों का आभार प्रकट किया है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर आमिर का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह एयरपोर्ट के बाहर पैपराजी से मुखातिब होते दिखाई दे रहे हैं। आमिर ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं। हमारी फिल्म को जिस तरह से प्यार और समर्थन मिल रहा है, उससे पूरी टीम उत्साहित है। हमारे जो दस कलाकार हैं, उन्होंने पहली बार कैमरे के सामने काम किया है और उनकी पहली ही फिल्म को सुपरहिट का तमगा मिल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने भी फिल्म देखी और सराहना की।”
फिल्म की कहानी और कलाकार:
निर्देशक आरएस प्रसन्ना की यह फिल्म बौद्धिक रूप से दिव्यांग बच्चों की जिंदगी को उजागर करती है। आमिर खान इसमें एक बास्केटबॉल कोच की भूमिका निभा रहे हैं, जो इन बच्चों को आत्मविश्वास और उम्मीद देना चाहते हैं। फिल्म में दस नवोदित कलाकारों ने अभिनय किया है जो असल जीवन में भी बौद्धिक रूप से दिव्यांग हैं। जेनेलिया डिसूजा भी फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।
कमाई और लोकप्रियता:
‘सितारे ज़मीन पर’ ने रिलीज के पांच दिनों में 75.15 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है और अब यह फिल्म 100 करोड़ क्लब की ओर अग्रसर है। फिल्म को क्रिटिक्स, दर्शकों और सेलिब्रिटीज से सराहना मिल रही है, जिससे इसके लंबे समय तक थिएटर में टिके रहने की उम्मीद है।



