केएल राहुल को भरोसा- पहला टेस्ट जरूर देगा नतीजा, नहीं बताया कौन जीतेगा

admin
3 Min Read

भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का पहला टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। भारत ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (118 रन) और केएल राहुल (137 रन) की शानदार पारियों की बदौलत इंग्लैंड के सामने 371 रन का बड़ा लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लैंड ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के 21 रन बना लिए हैं। इंग्लैंड को जीत के लिए अब भी 350 रन की जरूरत है, जबकि भारत को 10 विकेट लेने हैं।

भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का मानना है कि लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में चल रहे पहले टेस्ट का नतीजा जरूर निकलेगा। हालांकि राहुल ने विजेता टीम का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम पांचवें दिन इंग्लैंड पर अधिकतम दबाव बनाने की कोशिश करेगी। राहुल ने कहा, “मुझे ब्लॉकबस्टर नतीजे का इंतजार है। जब मैच शुरू हुआ तो लगा था कि यह ड्रॉ की ओर जाएगा, लेकिन पिच अब टूटने लगी है। पांचवें दिन विकेट में दरारें खुल सकती हैं, जिससे गेंदबाजों को मदद मिलेगी।”

पंत की बल्लेबाजी पर राहुल का रिएक्शन

जब राहुल से पूछा गया कि ऋषभ पंत के जोखिम भरे शॉट्स पर वो क्या कहते हैं, तो राहुल ने हंसते हुए कहा, “बस चुप रहो। पंत के साथ बैटिंग करना मजेदार होता है, लेकिन उनकी सोच को समझना बहुत मुश्किल है। ऐसे में जरूरी है कि उन्हें उनकी स्टाइल में खेलने दिया जाए।”

राहुल ने अपनी फॉर्म पर क्या कहा?

राहुल ने कहा, “अब मेरी शुरुआत बड़ी पारियों में बदल रही है। मैंने अपने खेल में बहुत धैर्य जोड़ा है। मैं आंकड़ों पर ध्यान नहीं देता, सिर्फ टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर फोकस करता हूं। अभिषेक नायर के साथ काम करने से मुझे काफी फायदा हुआ है।”

पांचवें दिन की रणनीति

आखिरी दिन को लेकर राहुल ने कहा, “हमें पूरा विश्वास है कि नतीजा निकलेगा। पिच अब पहले जैसी नहीं है और हम ज्यादा से ज्यादा दबाव बनाने का प्रयास करेंगे।” भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे, इंग्लैंड ने 465 रन बनाकर जवाब दिया। भारत ने दूसरी पारी में 364 रन जोड़े, जिससे इंग्लैंड को 371 रन का टारगेट मिला।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment