चार दिन के होंगे टेस्ट मैच, भारत-ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड रहेंगे अपवाद, ICC 2027 से लागू करेगा नया नियम

admin
3 Min Read

नई दिल्ली।टेस्ट क्रिकेट में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) अब टेस्ट मैचों को चार दिवसीय प्रारूप में आयोजित करने की योजना बना रही है। यह नियम 2027-29 के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में लागू किया जा सकता है। हालांकि भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीमें इस नियम से बाहर रहेंगी। ये तीनों देश एक-दूसरे के खिलाफ पारंपरिक पांच दिवसीय टेस्ट खेलते रहेंगे।

जय शाह ने दिया चार दिवसीय टेस्ट का समर्थन

ब्रिटेन के अखबार ‘द गार्जियन’ के अनुसार, हाल ही में लॉर्ड्स में हुए WTC फाइनल के दौरान ICC अध्यक्ष जय शाह ने चार दिवसीय टेस्ट के विचार का समर्थन किया। ICC का मानना है कि इससे छोटे देशों के लिए टेस्ट क्रिकेट में भागीदारी बढ़ेगी और वे अधिक सीरीज खेल पाएंगे। छोटे देशों के लिए यह फॉर्मेट समय और खर्च दोनों में किफायती रहेगा।

छोटे देशों को मिलेगा फायदा

रिपोर्ट के मुताबिक, छोटे देशों को टेस्ट सीरीज की मेजबानी में समय और खर्च की दिक्कतें आती हैं। चार दिवसीय टेस्ट के चलते तीन टेस्ट मैचों की सीरीज को तीन हफ्तों से कम समय में पूरा किया जा सकेगा। इससे टेस्ट क्रिकेट का विस्तार करने में मदद मिलेगी।

98 ओवर होंगे प्रतिदिन

चार दिवसीय टेस्ट में खेल का समय बढ़ाकर रोजाना न्यूनतम 98 ओवर कराने का प्रस्ताव है। अभी पांच दिवसीय टेस्ट में एक दिन में अधिकतम 90 ओवर फेंके जाते हैं। ICC का उद्देश्य है कि खेल में समय की बर्बादी कम हो और मैच रोमांचक बने रहें।

इन सीरीज में रहेगा पांच दिवसीय फॉर्मेट

भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाली एशेज, बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी जैसे ऐतिहासिक मुकाबले पांच दिन के ही रहेंगे। भारत और इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी की शुरुआत 20 जून से होगी।

चार दिवसीय टेस्ट का इतिहास

ICC ने पहली बार 2017 में चार दिवसीय टेस्ट मैचों को मंजूरी दी थी। इसके बाद इंग्लैंड ने आयरलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबले खेले हैं। अब ICC इसे छोटे देशों के लिए एक स्थायी विकल्प बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मौजूदा चक्र रहेगा पहले जैसा

2025-27 WTC चक्र में अभी सभी टेस्ट पांच दिन के फॉर्मेट में ही खेले जाएंगे। इस दौरान कुल 27 टेस्ट सीरीज में से 17 दो मैचों की होंगी जबकि छह सीरीज तीन टेस्ट मैचों की होंगी। भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की सीरीज पहले की तरह जारी रहेंगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment