कांग्रेस का सवाल: क्या मानसून सत्र में देश की सुरक्षा और विदेश नीति पर बहस कराएगी सरकार?

admin
2 Min Read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात के बाद कांग्रेस ने सरकार से बड़ा सवाल किया है। कांग्रेस ने पीएम मोदी से पूछा है कि क्या अब सरकार मानसून सत्र में देश की सुरक्षा और विदेश नीति को लेकर संसद में बहस कराएगी?

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री ने विदेश से लौटे सात संसदीय प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से बातचीत की है, तो क्या अब वे सभी राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाकर चीन और पाकिस्तान को लेकर भारत की आगे की रणनीति साझा करेंगे?

जयराम रमेश ने यह भी सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री संसद में पहलगाम हमले और देश की सुरक्षा चुनौतियों पर व्यापक बहस के लिए तैयार हैं? उन्होंने कहा कि सरकार पहले ही विपक्षी गठबंधन इंडिया द्वारा संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग खारिज कर चुकी है, लेकिन क्या अब सरकार आतंकवाद पर खुली चर्चा को तैयार है?

इसके साथ ही रमेश ने सुझाव दिया कि क्या विदेश मंत्री एस. जयशंकर के पिता के सुब्रह्मण्यम के नेतृत्व में बनी कारगिल समीक्षा समिति की तरह एक विशेषज्ञ समूह बनाया जाएगा, जो ऑपरेशन सिंदूर, उभरते सैन्य प्लेटफार्म और युद्ध की भविष्य की रणनीति पर गहराई से अध्ययन करेगा और रिपोर्ट संसद में पेश करेगा?

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश के संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से रखने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी। यह प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों का दौरा कर भारत का पक्ष रख रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment