भारत में एक बार फिर से कोरोना वायरस के मामलों में तेज़ बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पिछले 9 दिनों में देशभर में कुल 3423 नए कोविड केस सामने आए हैं और 58 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले शनिवार को ही देश में 378 नए केस दर्ज किए गए, जिससे एक्टिव केसों की कुल संख्या बढ़कर 6133 हो गई है।
सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल में फिलहाल 1950 एक्टिव केस हैं, जबकि गुजरात में 822 और दिल्ली में 686 केस एक्टिव हैं। इस बीच केंद्र और राज्य सरकारें अलर्ट मोड पर आ गई हैं और अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने कहा कि “ओमिक्रॉन वैरिएंट कोविड परिवार का हिस्सा है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है, हम पूरी तरह तैयार हैं।” वहीं केरल में कोविड गाइडलाइन को फिर से लागू किया गया है और मास्क पहनना, कोविड टेस्ट अनिवार्य कर दिया गया है।
देश के कुछ प्रमुख राज्यों की स्थिति इस प्रकार है:
केरल: 1950 केस, कोविड गाइडलाइन फिर से लागू।
गुजरात: 822 केस, 18 मरीज अस्पताल में भर्ती, बाकी होम आइसोलेशन में।
महाराष्ट्र: 595 केस, 17 मौतें (ज्यादातर मरीज अन्य बीमारियों से भी ग्रस्त)।
कर्नाटक: 366 केस, गुलबर्गा मेडिकल संस्थान में कोविड वार्ड सक्रिय।
तमिलनाडु: 194 केस, 1 मौत दर्ज।
दिल्ली: 686 एक्टिव केस।
ICMR के अनुसार भारत में कोविड के चार नए वैरिएंट मिले हैं – LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1। इनमें से JN.1 सबसे सामान्य रूप से पाया जा रहा है, जो तेज़ी से फैलता है और शरीर की इम्यूनिटी को प्रभावित करता है, लेकिन गंभीर नहीं माना जा रहा।
WHO ने भी इन वैरिएंट को निगरानी में रखने योग्य बताया है लेकिन ‘वैरिएंट ऑफ कंसर्न’ की श्रेणी में नहीं रखा गया है।


