रायपुर। राजधानी में रसोई गैस की कालाबाजारी को लेकर राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। छत्तीसगढ़ समाज पार्टी के नेता अनिल दुबे ने आरोप लगाया है कि शहर में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाले 5 हजार रुपये तक में एक सिलेंडर बेच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि छात्रों के नाम पर मिलने वाले 5 किलो के छोटे सिलेंडरों में भी गड़बड़ी की जा रही है और इनका गलत तरीके से उपयोग किया जा रहा है।
अनिल दुबे के साथ पार्टी के लालाराम वर्मा, चेतन देवांगन, गंगाराम साहू और श्यामू राम सेन ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि रसोई गैस की कमी और बढ़ती मांग के बीच अवैध बिक्री जोरों पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर से पढ़ने आए छात्रों के लिए बनाई गई व्यवस्था का भी दुरुपयोग हो रहा है और संगठित तरीके से गैस की कालाबाजारी की जा रही है।
दुबे ने कहा कि 5 किलो के छोटे सिलेंडरों का वितरण छात्रों के लिए तय है, लेकिन इन्हें भी ब्लैक में बेचकर मोटी कमाई की जा रही है। उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन सार्वजनिक रूप से यह जानकारी जारी करे कि छात्रों के नाम पर कितने सिलेंडर जारी किए गए और उनका वितरण किन-किन को हुआ।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की चुप्पी से कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में तत्काल जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए और मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए। साथ ही, नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।



