NHM कर्मचारियों की फिर हड़ताल की तैयारी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर असंतोष झेल रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी एक बार फिर हड़ताल की राह पकड़ सकते हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 12 अप्रैल को आमापारा, रायपुर में आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी और संघ के पदाधिकारी शामिल होंगे।

बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों की वर्तमान स्थिति, भविष्य की रणनीति और आगे की कार्रवाई पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। कर्मचारियों का कहना है कि नियमितीकरण, ग्रेड पे, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति और मेडिकल अवकाश सहित 10 प्रमुख मांगों को लेकर वे पहले भी एक महीने से अधिक समय तक आंदोलन कर चुके हैं। सरकार से मिले आश्वासन के बाद आंदोलन को स्थगित किया गया था, लेकिन अब तक समाधान नहीं निकल पाया है।

सरकार की ओर से विभागीय स्तर पर एक समिति गठित की गई थी, लेकिन कर्मचारियों के मुताबिक अभी तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है, जिससे उनमें गहरा आक्रोश है।

गौरतलब है कि NHM के तहत प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी स्वास्थ्य संस्थानों जैसे आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज तक डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश स्तरीय बैठक में सभी जिलों के अध्यक्ष और कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल होंगे और आगे की रणनीति पर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment