जशपुर में माता की मूर्ति खंडित, धार्मिक झंडे जलाए, महिलाएं देख फूट-फूटकर रोईं

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद संवेदनशील और भावनात्मक रूप से झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्राचीन हिंदू मंदिर में अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ और धार्मिक अपमान की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश फैला दिया है।

मामला अस्ता थाना क्षेत्र के धरधरी गांव का है, जहां स्थित प्राचीन बम्हनी माता मंदिर को रविवार देर रात निशाना बनाया गया। शरारती तत्वों ने मंदिर में घुसकर माता की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में पेड़ों पर लगे धार्मिक झंडों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

सोमवार सुबह जब गांव की महिलाएं रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचीं, तो वहां का दृश्य देखकर उनकी आंखें नम हो गईं। टूटी हुई मूर्ति और जले हुए झंडों को देख कई महिलाएं खुद को संभाल नहीं पाईं और वहीं रो पड़ीं। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और कड़ा विरोध जताया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जशपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीओपी और अस्ता थाना पुलिस की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है, लेकिन प्रशासन शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment