अंबिकापुर की बेटी के साथ दरिंदगी पर भड़के टीएस सिंहदेव, बोले— “सरकार पूरी तरह फेल, बेटियां असुरक्षित”

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हुई दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।

सिंहदेव ने गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि आज अंबिकापुर सिर्फ एक शहर नहीं, बल्कि एक दर्द बन चुका है। एक मासूम बेटी के साथ हुई दरिंदगी और उसकी बेरहमी से हत्या ने हर संवेदनशील इंसान को भीतर तक झकझोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना कहीं न कहीं हमें निर्भया केस की याद दिलाती है—एक ऐसा जख्म, जो आज भी भरा नहीं है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब बेटियां अपने ही शहर में, सड़कों पर भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं? उनका कहना था कि जब शहर के व्यस्त इलाके भी सुरक्षित नहीं हैं, तो यह सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

सिंहदेव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि अपराधी बेखौफ होकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। यह स्थिति किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक है।

उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो। साथ ही उन्होंने सख्त से सख्त सजा, यहां तक कि मृत्युदंड की मांग करते हुए कहा कि ऐसी सजा ही समाज में एक मजबूत संदेश दे सकती है।

सिंहदेव ने अंत में कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि हर बेटी की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। इस मामले में न्याय में देरी अब स्वीकार्य नहीं होगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment