महासमुंद कांग्रेस कार्यालय में बवाल: प्रेसवार्ता के बाद नेताओं में मारपीट, तोड़फोड़

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में कांग्रेस कार्यालय उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब पार्टी के ही नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। गुरुवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता के बाद अचानक माहौल गरमा गया और देखते ही देखते नेताओं के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई।

जानकारी के मुताबिक, जिला कांग्रेस कार्यालय में महंगाई जैसे मुद्दे पर प्रेसवार्ता रखी गई थी। लेकिन कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और नेताओं की कम मौजूदगी को लेकर आपसी नाराज़गी बढ़ गई। इसी बात पर बहस इतनी तीखी हो गई कि पूर्व जिला कोषाध्यक्ष निर्मल जैन और वर्तमान जिला उपाध्यक्ष व पार्षद विजय साव के बीच झगड़ा भड़क उठा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौच हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। गुस्से में कार्यालय के अंदर कुर्सियां, टेबल और कांच के सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। निर्मल जैन पर अश्लील भाषा और मारपीट के आरोप में BNS की धारा 296 और 115(2) के तहत मामला दर्ज हुआ है।

वहीं विजय साव पर गाली-गलौच, मारपीट, जान से मारने की धमकी और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में BNS की धारा 296, 115(2), 351(3) और 324(2) के तहत FIR दर्ज की गई है।

घटना के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी जाएगी और पार्टी स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी को उजागर करती है, जिससे संगठन की छवि पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment